भारत ने एशियाई खेलों में महिला कबड्डी में जीत के साथ 100 पदकों की महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की

नई दिल्ली 7 अक्टूबर: एशियाई खेलों में भारत ने 100 पदक प्राप्‍त करने के लक्ष्‍य को शानदार तरीके से हासिल कर लिया है। महिला कबड्डी के फाइनल में भारत ने चीनी ताइपे को हराकर देश के लिए एक सौंवें पदक पर कब्‍जा करते हुए स्‍वर्ण पदक जीता है।

भारत 25 स्वर्ण, 35 रजत और 40 कांस्य सहित कुल 100 पदक जीतकर चौथे स्‍थान पर है। एशियाई खेलों में भारत का अब तक यह सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन है।

चीन के हांगचोओ में हो रहे एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला कंपाउंड तीरंदाजी में ज्योति सुरेखा वेन्नम ने आज सुबह-सुबह स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। उन्होंने एशियाई खेलों का रिकॉर्ड बनाते हुए फाइनल मैच में दक्षिण कोरिया की सो सी को 149-145 के अंतर से पराजित किया। उसके बाद तीरंदाजी में पुरुष कंपाउंड के फाइनल मैच में अभिषेक वर्मा ने स्‍वर्ण पदक और ओजस देवताले ने रजत पदक पर कब्‍जा किया। कंपाउंड आर्चरी में भारत ने सभी प्रतियोगिताएं जीती हैं। कंपाउंड तीरंदाजी में ही अदिति स्वामी ने सिंगल्‍स प्रतियोगिता का कांस्य पदक हासिल किया है। अदिति ने इंडोनेशिया की रतिह फदली के खिलाफ 146-140 के अंतर से जीत दर्ज की।

खेलों के 14वें दिन होने वाली खेल स्‍पर्धाओं के बारे में हम बात करें तो महिला कबड्डी के फाइनल में भारत का सामना चीनी ताइपे से हो रहा है।

कुश्ती के मुकाबले भी शुरू हो चुके हैं। पुरुषों की फ्रीस्टाइल के लिए 74 किलोग्राम भार वर्ग में यश, 86 किलोग्राम में दीपक पुनिया, 97 किलोग्राम में विक्की और सुमित 125 किलोग्राम भार वर्ग के रिंग में उतर रहे हैं।

एक और दिलचस्‍प मुकाबला सुबह साढे 11 बजे से देखने को मिलेगा, जब पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत का सामना अफगानिस्तान से होगा।

कबड्डी के फाइनल में आज दिन में साढे 12 बजे भारतीय पुरुष टीम ईरान का मुकाबला करेगी।

महिला हॉकी में आज दोपहर डेढ बजे से कांस्य पदक के लिए प्लेऑफ मैच होगा। जिसमें भारत और जापान की टीमें अपने दमखम दिखाएंगी।

सॉफ्ट टेनिस के बारे में श्रोताओं आपको बता दें कि पुरुष सिंगल्‍स में अनिकेत पटेल अपनी चुनौती पेश करेंगे।

एशियाई खेलों में भारत के लिए कल का दिन शानदार रहा और भारतीय सूरमाओं ने एक स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्‍य सहित कुल नौ पदक जीते थे। पुरुष हॉकी में भारत ने जापान को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता और पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

तीरदांजी में कल पुरूषों की रिकर्व टीम स्‍पर्धा में भारत को रजत पदक मिला है। फाइनल में अतनु दास, धीरज बोम्‍मादेवड़ा और तुषार प्रभाकर शेल्‍के की टीम को कोरिया से 1-5 से हार का सामना करना पड़ा था। पुरूषों की ब्रिज टीम स्‍पर्धा में भारत को रजत पदक मिला है। तीरंदाजी में महिला रिकर्व टीम स्‍पर्धा में भारत ने कांस्‍य पदक जीता। बैंडमिंटन के पुरूष सिंगल्‍स में एच. एस. प्रणॉय को कांस्‍य पदक मिला। सेमीफाइनल में प्रणॉय को चीन के ली शिफेंग से पराजय का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *