राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इंदौर में भारत स्मार्ट सिटी पुरस्कार प्रदान किया। राष्‍ट्रपति का सतत विकास लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त करने का आह्वान

नई दिल्ली 27 सितम्बर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने निर्धारित समय पर सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया है। मध्य प्रदेश के इंदौर में आज स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव 2023 में इंडिया स्मार्ट सिटी पुरस्कार 2022 के विजेताओं को सम्मानित करने के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सतत विकास लक्ष्य के सफल कार्यान्वयन के लिए स्थानीय स्तर की भागीदारी आवश्यक है। राष्ट्रपति ने कहा कि इंदौर जैसे शहरों में जनभागीदारी ने स्वच्छ तथा हरित शहर सुनिश्चित किया है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सभी शहरों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक ठोस प्रयास करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में कई तरह के उपाय पहले ही किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय शहरी और आवासन कार्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि स्मार्ट सिटिज मिशन समूचे देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद स्मार्ट सिटिज मिशन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। श्री पुरी ने कहा कि स्मार्ट सिटिज मिशन 2047 तक देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने के भारत के उद्देश्यों का एक मुख्य घटक है।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि शहरों को स्मार्ट और स्वच्छ बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मध्य प्रदेश के प्रत्येक शहर में स्वच्छता लाने का आह्वान किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *