नई दिल्ली 9 सितम्बर: आज जी-20 शिखर सम्मेलन के पहले दिन दो सत्र होंगे जिनके विषय हैं – एक पृथ्वी और एक परिवार। आज और कल के लिए अनेक द्विपक्षीय बैठकें भी तय गईं हैं। प्रधानमंत्री ब्रिटेन, जापान, जर्मनी और इटली के नेताओं के साथ आज द्विपक्षीय बैठक करेंगे। कल उनकी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। श्री मोदी कनाडा के नेताओं के साथ भी मुलाकात करेंगे और कोमोरोस, तुर्किये, संयुक्त अरब अमीरात, यूरोपीय संघ, यूरोपीय आयोग, ब्राजील और नाइजीरिया के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। द्विपक्षीय बैठकों और शिखर सम्मेलन के कार्यक्रमों के अलावा प्रतिनिधियों का दिल्ली के विभिन्न हिस्सों मे जाने का भी कार्यक्रम है।
इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मेलन में आए विदेशी प्रतिनिधियों के लिए रात्रि भोज आयोजित करेंगी। आज शाम विश्व नेता और आमंत्रित अतिथि विभिन्न व्यंजनों के स्वाद के साथ-साथ सांस्कृतिक संध्या का भी आनंद लेंगे जिसमें भारत की विविधतापूर्ण संगीत विधाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। इस भव्य समारोह में शास्त्रीय और लोकसंगीत के साथ-साथ अनेक दुर्लभ वाद्ययंत्रों का भी प्रदर्शन होगा। युवा संगीतकार और दिव्यांग कलाकर इस सांस्कृतिक संध्या में अपनी प्रस्तुति देंगे।
इसके अलावा सम्मेलन में भाग ले रहे शिष्टमंडल के प्रमुखों के जीवनसाथी राजधानी में राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में रूट्स-एडं-रूट्स नाम से आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के विभिन्न संग्रहालयों और दीर्घाओं से प्राचीन कलाकृतियां और मूर्तियां प्रदर्शित की जाएंगी। प्रदर्शनी में कलाकृतियों के चयन में उनके ऐतिहासिक महत्व कलात्मक गुणवत्ता और विषयवस्तु की प्रासंगिकता का ध्यान रखा गया है। जी-20 के नेताओं के जीवनसाथी भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान का भी दौरा करेंगे। कल विश्व नेता राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे।
