भारत का चन्‍द्रयान-3 एक और सफल ऑर्बिट रिडक्‍शन के बाद चन्‍द्रमा के और नजदीक पहुंचा

नई दिल्ली, 14 अगस्त: चंद्रयान-3 अब चांद के और भी अधिक नजदीक पहुंच गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने आज अंतरिक्ष यान चंद्रयान-3 को चंद्रमा के और करीब पहुंचाने के लिए महत्‍वपूर्ण तीसरे ऑर्बिट रिडक्‍शन मनूवर को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसी के साथ ही चंद्रयान-3 चांद की अगली ऑर्बिट में प्रवेश कर गया है। इसरो ने सोशल मीडिया पर 16 अगस्त बुधवार को अगले मनूवर की योजना की सूचना दी है। इसरो ने इसी महीने की 9 तारीख को चंद्रयान-3 अंतरिक्षयान को चंद्रमा की सतह के और क़रीब पहुँचाने में दूसरी महत्‍वपूर्ण मनूवर सफलतापूर्वक पूरी की थी। चंद्रयान-3 को पिछले महीने की 14 जुलाई को प्रक्षेपित किया गया था। चंद्रयान-3 पांच अगस्‍त को चन्‍द्रमा की कक्षा में प्रवेश कर गया था। चंद्रयान-3 चन्‍द्र कक्षा की एक श्रृंखला के अंतर्गत परिक्रमा कर रहा है।

17 अगस्त को प्रोप्ल्शन मॉड्यूल लैंडर और रोवर से अलग हो जाएगा। इसरो ने 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास करने की योजना बनाई है।