चन्‍द्रयान मिशन अब से कुछ ही देर में श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्‍द्र से प्रक्षेपित होगा, प्रधानमंत्री ने उत्‍सुकता व्‍यक्‍त करते हुए कहा-इसमें देश की उम्‍मीद और सपने जुडे हैं

नई दिल्ली १४ जुलाई : सतीश धवन अंतरिक्ष केन्‍द्र श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्‍च पैड से आज तीसरे चंद्रयान मिशन के प्रक्षेपण की सभी तैयारी कर ली गई है। प्रक्षेपण की उलटी गिनती आज दोपहर बाद लगभग 2 बजकर 35 मिनट पर समाप्‍त हो जाएगी।

तीसरे चन्‍द्रयान मिशन के प्रक्षेपण की सफलता न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्‍व के लिए महत्‍वपूर्ण है क्‍योंकि इस मिशन से मिलने वाली महत्‍वूपर्ण जानकारी विश्‍व स्‍तर पर भविष्‍य के अंतरिक्ष कार्यक्रमों के लिए उपयोगी होगी। इस मिशन से पता चलता है कि भारत वैज्ञानिक क्षेत्र में प्रगति करने के लिए काफी सक्षम है। एल.वी.एम.-3 रॉकेट इस मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 को लेकर उत्‍सुकता व्यक्त की है। इस मिशन के अंतर्गत चंद्रयान-3 का आज प्रक्षेपण होगा। श्री मोदी ने ट्वीट में इस बात पर जोर दिया है कि इस मिशन से राष्ट्र की उम्‍मीदें और सपने जुड़े हुए हैं। मिशन के बारे में श्री मोदी ने बताया कि पृथ्वी की कक्षा से गुजरने के बाद चंद्रयान-3 को लूनर ट्रांसफर ट्रेजेक्‍ट्री में भेजा जाएगा और यह चंद्रमा तक पहुंचने के लिए कुछ हफ्तों में तीन लाख किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगा। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 में लगे वैज्ञानिक उपकरण चंद्रमा की सतह का अध्ययन करेंगे और हमें जानकारी देंगे।

प्रधानमंत्री ने भारत के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के महत्वपूर्ण योगदान को भी स्वीकार किया। उन्‍होंने कहा कि चंद्रयान-1 ने चंद्रमा पर पानी होने की पुष्टि की थी और भविष्य के चंद्र मिशनों का मार्ग प्रशस्त किया था। उन्होंने कहा कि इस खोज ने चंद्रमा के बारे में हर किसी की समझ को बदल दिया है, जिसे कभी शुष्क और रहने योग्य नहीं माना जाता था। उन्होंने कहा कि इसे अब पानी और बर्फ की मौजूदगी के साथ एक गतिशील और संभावित रूप से रहने योग्य खगोलीय पिंड के रूप में देखा जाता है।

श्री मोदी ने यह भी कहा कि चंद्रयान-2 ने रिमोट सेंसिंग के माध्यम से पहली बार क्रोमियम, मैंगनीज और सोडियम का पता लगाया था, जिससे चंद्रमा के विकास के बारे में बहुमूल्य जानकारी मिली। प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां तक भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र का सम्‍बन्‍ध है, यह हमेशा स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *