प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पेरिस में बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि होंगे

नई दिल्ली १४ जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पेरिस में बैस्टिल दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे। वायु सेना के विमान सहित भारत की तीनों सेनाओं की टुकड़ी इसमें भाग लेंगी। फ्रांस के राष्‍ट्रीय दिवस या बैस्टिल दिवस का फ्रांसीसी चेतना में विशेष महत्व है। फ्रांस की क्रांति के दौरान 1789 में बैस्टिल जेल पर लोगों ने धावा बोल दिया था। बैस्टिल दिवस समारोह में बैस्टिल दिवस परेड मुख्य आकर्षण है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ प्रतिनिधि स्‍तर की वार्ता करेंगे। वे भारत और फ्रांस की कंपनियों के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों और फ्रांस के जाने माने लोगों से बातचीत करेंगे। फ्रांस के राष्‍ट्रपति आज रात प्रसिद्ध लाउरे संग्रहालय में रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।

श्री मोदी फ्रांस की सरकारी यात्रा पर कल पेरिस पहुंचे। उन्‍होंने फ्रांस के प्रधानमंत्री एलिसाबेथ बोर्न और फ्रांस की संसद के अध्‍यक्ष गेरार्ड लार्चर के साथ बैठकें की। उन्‍होंने आपसी हित के कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया और विभिन्‍न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए। राष्‍ट्रपति मैक्रों ने ऐलिसी पैलेस में निजी रात्रिभोज के बाद श्री मोदी को फ्रांस के सबसे बड़े नागरिक और सैनिक सम्मान द ग्रान्‍ड क्रॉस ऑफ द लिजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया।

कल रात एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी और विविधता का मॉडल है। उन्‍होंने कहा कि भारत नई विश्व व्यवस्था की ओर बढ रहा है और भारत की भूमिका भी लगातार बदल रही है। उन्‍होंने कहा कि आज भारत में प्रमुख बदलाव हो रहा है और इस परिवर्तन का आधार भारतीय नागरिकों के साथ जुड़ा हुआ है। भारत की भुगतान व्यवस्था यू.पी.आई. के बाजार विस्तार में तेजी लाते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश फ्रांस में इस भुगतान व्यवस्था का उपयोग करने पर सहमत हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि यह सुविधा ऐफिल टॉवर से शुरू होगी जहां भारतीय पर्यटक मोबाइल ऐप का उपयोग करते हुए भारतीय रुपये में भुगतान कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-फ्रांस भागीदारी का मजबूत आधार जनसंपर्क है। उन्‍होंने कहा कि दोनों देश 21वीं शताब्दी में कई चुनौतियों का मुकाबला कर रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि ऐसी कठिन परिस्थिति में दोनों देशों के बीच सामरिक भागीदारी का महत्व और भी बढ जाता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सौ वर्ष पहले भारतीय सैनिक अपने कर्तव्‍य का पालन करते हुए फ्रांस की धरती पर श‍हीद हो गए थे। उन्‍होंने कहा कि फ्रांस के युद्ध में शामिल होने वाले रेजिमेंट में एक पंजाब रेजिमेंट राष्‍ट्रीय दिवस परेड में भाग लेने जा रहा है।

राष्ट्रपति मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में ऐलिसी पैलेस में निजी रात्रिभोज का आयोजन किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस वर्ष भारत-फ्रांस सामरिक भागीदारी के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *