गहरे समुद्र में समुद्री जीवों की सुरक्षा के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र संधि, 193 सदस्य देशों ने बिना किसी आपत्ति के मंजूरी दी

नई दिल्ली २० जून: संयुक्त राष्ट्र के सदस्यों ने आज खुले समुद्र में समुद्री जीवन की रक्षा के लिए पहली संधि को अपनाया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस ऐतिहासिक समझौते की सराहना की है। एक सौ 93 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने बिना किसी आपत्ति के इस संधि को मंजूरी दी। गुटेरेस ने प्रतिनिधियों से कहा कि संधि ऐसे नाजुक समय पर हो रही है जब महासागर कई मोर्चों पर खतरे का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संधि इन खतरों को दूर करने के लिए बहुत जरूरी है और उन्होंने सभी देशों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि इस संधि पर जल्द से जल्द हस्ताक्षर हो सके। राष्ट्रीय सीमाओं के बाहर के समुद्र को खुला समुद्र कहा जाता है जहां जैव विविधता की रक्षा के लिए बीस वर्षों से ज्यादा अवधि से संधि के लिए बातचीत चल रही थी लेकिन किसी समझौते का प्रयास बार-बार ठप हो जा रहा था। खुला समुद्र पृथ्वी का लगभग आधा हिस्सा है। नई संधि 20 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में विश्व नेताओं की वार्षिक बैठक के दौरान हस्ताक्षर के लिए प्रस्तुत की जाएगी और 60 देशों द्वारा इसकी पुष्टि करने के बाद प्रभाव में आ जाएगी।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *