भारत और सर्बिया इस दशक के अंत तक एक अरब यूरो का द्विपक्षीय व्‍यापार करने पर सहमत हुए

नई दिल्ली ९ जून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूचिच द्विपक्षीय व्यापार को इस दशक के अंत तक 32 करोड़ यूरो से बढ़ाकर एक अरब यूरो करने पर सहमत हुए हैं। यह जानकारी कल बेलग्रेड में विदेश मंत्रालय ने दी। राष्ट्रपति सात से 9 जून तक सर्बिया की तीन दिन की राजकीय यात्रा पर हैं। भारत-सर्बिया संबंधों के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा ने बताया कि इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने दोनों पक्षों के बीच संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मूल हितों की आपसी साझेदारी है। इससे पहले, मीडिया को दिए गए एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य में राष्ट्रपति मुर्मू ने शिष्टमंडल स्तर की वार्ता के सकारात्मक परिणामों और दोनों देशों के बीच संभावित सहयोग के विविध क्षेत्रों पर कार्य करने के निश्चय का उल्लेख किया। सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूचिच ने भी भारतीयों को वीजा जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाने का वादा किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों के बीच हवाई उड़ान जल्द शुरू की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे दोनों देशों के बीच पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। शिष्टमंडल स्तर की वार्ता के अलावा तीन भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ- एसोचेम, फिक्की और सीआईआई के सदस्यों वाले उच्च स्तरीय व्यापार मंडल की सर्बिया के व्यापार मंडल के साथ बातचीत भी हुई। राष्ट्रपति मुर्मू ने कल माउंट अवाला के शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। माउंट अवाला में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और सम्मान गारद भी दिया गया। राष्ट्रपति मुर्मू चार से नौ जून तक सूरीनाम और सर्बिया के राजकीय दौरे को पूरा कर आज स्वदेश लौट आएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *