पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के उत्‍तर पश्चिम भाग में 26 मई तक हल्‍की बारिश की संभावना

नई दिल्ली 24 मई: मौसम विभाग ने कहा है कि इस महीने की 26 तारीख तक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के उत्‍तर पश्चिम भाग में हल्‍की बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में आंधी तूफान के साथ हल्‍की से मध्‍यम वर्षा होने का अनुमान है। इन दो दिनों तक हिमालय के पश्चिमी क्षेत्र में बिजली चमकने के साथ साथ कहीं कहीं धूल भरी आंधी आ सकती है। देश के पश्चिमोत्‍तर मैदानी भागों में  कई स्‍थानों पर आंधी के साथ वर्षा होने और बिजली चमकने की संभावना है। बंगाल की खाडी के कई दक्षिणी भागों, अंडमान सागर और अंडमान – निकोबार द्वीपों में अगले दो दिनों तक मॉनसून से पहले  सुहावना मौसम रहने की संभावना है। देश के पूर्वी और उत्‍तर पूर्वी इलाकों में भारी वर्षा और आंधी तूफान आने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार असम और मेघालय में आज से अगले चार दिनों तक आंधी तूफान के साथ हल्‍की और छिटपुट वर्षा हो सकती है। इस सप्‍ताह उत्‍तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री तक गिरावट आ सकती है।