जी-20, पर्यटन कार्य समूह की तीसरी बैठक का आज जम्मू-कश्मीर में औपचारिक उद्घाटन हुआ

नई दिल्ली २३ मई: जम्मू-कश्मीर में आज जी-20 की तीसरी पर्यटन कार्य समूह की बैठक का औपचारिक उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, जी-20 के शेरपा अमिताभ कांत और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
 
अपने संबोधन में केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि भारत सरकार पर्यटन क्षेत्र के सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए जी-20 के सभी देशों और अन्य हितधारकों के साथ काम करने के प्रति वचनबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की, कि व्यापार और पर्यटन के प्रतिनिधियों और हितधारकों के संयुक्त प्रयास से समावेशी और कार्य-आधारित प्रगति होगी। श्री रेड्डी ने कहा कि जी-20 में भागीदारी करने वाले प्रतिनिधियों ने हरित पर्यटन, कौशल, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम, डिजिटीकरण और गंतव्य प्रबंधन जैसी प्राथमिकता की पांच बिंदुओं का समर्थन किया।
 
डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने अपने भाषण में कहा कि पर्यटन के परंपरागत रूपों के अलावा विज्ञान और कृषि पर्यटन में कश्मीर की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार श्रेष्ठ पर्यटन स्थल के रूप में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को विकसित करने के लिए सभी मोर्चों पर सहायता देने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि वे इस अवसर का इस्तेमाल विश्व को आमंत्रित करके उनकी मेजबानी करने के लिए जम्मू-कश्मीर को देने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में जम्मू-कश्मीर आतंकवाद से ग्रस्त रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आतंकी तंत्र का सफाया किया है। श्री मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन का बढ़ना भारत की बहु-धार्मिक और बहु-सांस्कृतिक भावनाओं का प्रतिबिम्ब भी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पर्यटन क्षेत्र ने जम्मू-कश्मीर के सकल घरेलू उत्पाद में सात प्रतिशत का योगदान किया है। श्री सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन और भारत सरकार इस केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन मूलभूत संरचना विकसित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और भारत सरकार इस क्षेत्र में नई संभावनाओं और नए पर्यटन स्थलों के द्वार खोलने की योजना भी बना रहे हैं।
 
इस अवसर पर भारत के जी-20 के शेरपा अमिताभ कांत, जी-20 के प्रमुख समन्वयक हर्षवर्धन श्रृंगला और पर्यटन सचिव अरविंद सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *