कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान चरम पर; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने रोड शो किये

नई दिल्ली ०७ मई : कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार जोर शोर से चल रहा है। विभिन्‍न राजनैतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए कोई कसर नहीं छोड रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रचार के दूसरे चरण में आज बेंगलूरू में एक रोड शो किया और पांच विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार किया। रोड शो शुरू करने से पहले श्री मोदी ने बेंगलूरू के संस्‍थापक कैम्‍पेगौडा को न्‍यू थिप्‍पासांद्रा में श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में उन्‍होंने शिवमोगा में एक जनसभा को संबोधित किया।

रोड शो के दौरान बेंगलूरू में लोगों की भारी भीड का आभार व्‍यक्‍त करते हुए श्री मोदी ने कहा कि लोगों के प्रेम और विश्‍वास ने उनके ह्रदय को छू लिया है और वह हमेशा कर्नाटक के लोगों के ऋणी रहेंगे।

श्री मोदी ने कांगेस की विश्‍वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कभी अपने घोषणापत्र में दिए गए वादे पूरे नहीं कर सकती। कांग्रेस के अगले पांच वर्ष में दस लाख नौकरियां देने के वादे पर उन्‍होंने कहा कि यह कोरा झूठ है। उन्‍होंने कहा कि साढे तीन साल के शासन में कर्नाटक में भाजपा ने प्रत्‍येक वर्ष 13 लाख औपचारिक नौकरियां सृजित की हैं।

कृषि क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि निर्यात क्षेत्र में भारत 10 शीर्ष देशों में शामिल है।

भाजपा के अन्‍य स्‍टार प्रचारकों ने भी राज्‍य में आज विभिन्‍न स्‍थानों पर चुनाव प्रचार किया। पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने बेलगावी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के एक रोड शो में हिस्‍सा लिया।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कर्नाटक में मूदाबिदरी में एक जनसभा को संबोधित किया है। उन्‍होंने चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों को अप्रासंगिक बताया है। श्रीमती गांधी ने कहा कि कर्नाटक में मुद्दे मुद्रास्‍फीति, बेरोजगारी और अंधाधुंध भ्रष्‍टाचार है। उन्‍होंने भाजपा पर कर्नाटक में उद्योगों को तबाह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार राज्‍य में भ्रष्‍टाचार की संस्‍कृति लाई है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि पिछले साढे तीन वर्ष के शासन के दौरान भाजपा के मुख्‍यमंत्रियों ने आम जनता का पैसा लूटा है। कांग्रेस के चुनाव वादों को दोहराते हुए उन्‍होंने कहा कि पार्टी ने छत्‍तीसगढ और हिमाचल प्रदेश में अपने वादे पूरे किए हैं और कर्नाटक में भी पार्टी अपने वादे पूरे करेगी। श्रीमती गांधी ने लोगों से दस मई को जागरूकता के साथ मतदान करने का अनुरोध किया।

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी ने अनेकेल में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस के पास कर्नाटक में विश्‍वसनीय नेतृत्‍व है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि भाजपा घृणा की राजनीति करती है और कांग्रेस ने इसका असर खत्‍म करने के लिए भारत जोडो यात्रा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *