लखनऊ में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 का प्रतीक चिन्‍ह और शुभंकर जारी, 12 दिवसीय खेल 23 मई से शुरू होंगे

नई दिल्ली ०५ मई : केंद्रीय युवा कार्य तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आज लखनऊ में खेलो इंडिया यूनविर्सिटी गेम्‍स-2022 के लिए प्रतीक चिन्‍ह, जर्सी, शुभंकर, टॉर्च और एंथेम का शुभारंभ किया। तीसरा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्‍स 23 मई से तीन जून तक खेले जाएंगे। उद्घाटन समारोह लखनऊ के बाबू बनारसीदास यूनिवर्सिटी में 25 मई को आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश आज हर क्षेत्र में आगे बढ रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारत को खेल की महाशक्ति बनाने की प्रधानमंत्री की परिकल्‍पना पूरी होगी। उत्‍तर प्रदेश इसमें महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्री ठाकुर ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश 23 मई से तीन जून तक खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्‍स के सबसे बडे संस्‍करण का आयोजन कर रहा है। देश भर के 200 सौ से अधिक विश्‍वविद्यालय के चार हजार सात सौ से अधिक एथलिट इसमें भाग लेंगे। इस संस्‍करण में 21 खेल खेले जाएंगे।

उत्‍तर प्रदेश की मुख्‍यमंत्री की प्रशंसा करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि योगी सरकार ने राज्‍य में खेलों के लिए अच्‍छी आधारभूत संरचना विकसित की है। उन्‍होंने बताया कि उत्‍तर प्रदेश के प्रत्‍येक जिले में खेलो इंडिया स्‍पोटर्स केंद्र 15 अगस्‍त 2023 तक तैयार हो जाएंगे। श्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश सरकार प्रत्‍येक जिले में एक स्‍टेडियम और ब्‍लॉक स्‍तर पर एक मिनी स्‍टेडियम तैयार कर रही है। उन्‍होंने कहा कि प्रत्‍येक वार्ड और ग्राम पंचायत में खेल मैदान और ओपन जिम विकसित करने का कार्य भी राज्‍य में चल रहा है।

खेलो इंडिया यूथ गेम्‍स का आयोजन राजधानी लखनऊ के अलावा वाराणसी, नोएडा और गोरखपुर में किया जाएगा। निशानेबाजी प्रतियोगिता नई दिल्‍ली के डॉक्‍टर कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित की जाएगी। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्‍स में वॉटर स्‍पोटर्स नौकायन पहली बार शामिल किया जाएगा। कर्नाटक में आयोजित पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्‍स में मल्‍लखंब और योगासन जैसे दो देसी खेल शामिल किए गए थे। इस संस्‍करण में भी ये खेल शामिल किए गए हैं। इन खेलों का लाइव प्रसारण डीडी स्‍पोटर्स और ओटीटी प्‍लेटफार्म पर भी किया जाएगा।