कर्नाटक विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर, प्रधानमंत्री आज दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे

नई दिल्ली ५ मई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार करेंगे। तीन दिनों के दौरान श्री मोदी छह रैली और दो बडे रोड शो करेंगे। कर्नाटक में प्रधानमंत्री बल्‍लारी और तुमकुरू में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कल और रविवार को बेंगलुरू के 17 विधानसभा क्षेत्रों में बडे रोड शो करेंगे। दोनों दिन रोड शो दोपहर में समाप्‍त होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री बादामी, हावेरी, शिवमोग्‍गा और नंजनगुड में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा के कई बडे स्‍टार प्रचारक राज्‍य में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह रायचूर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और कोप्‍पल में एक रोड शो में भागीदारी करेंगे। भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा रायचूर में एक रोड शो करेंगे और कोप्‍पल और कलबुर्गी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी बेंगलुरु के गोटीगेरे और मांडया जिले के नागमंगला में रोड शो करेंगी। जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, असम के मुख्‍यमंत्री डॉक्‍टर हिमन्‍ता बिस्‍व सरमा भी आज चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस की वरिष्‍ठ नेता सोनिया गांधी कल हुबली में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। कर्नाटक चुनाव प्रचार में यह उनकी पहली जनसभा होगी। राहुल गांधी कल बेलगावी और हुबली में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज अपने गृह जिले कलबुर्गी के अलावा अफजलपुर में भी चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस के अन्‍य नेता सिद्धारमैय्या, फिल्‍म स्‍टार शिवराज कुमार, अभिनेत्री राम्‍या और अभिनेता दुनिया विजय के साथ अपने वरुणा निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो करेंगे। जनता दल सेक्‍युलर प्रमुख और अनुभवी नेता देवेगौडा आज मांड्या और चिकमंगलुर जिलों में जनसभा को संबोधित करेंगे।