भारत गर्मी का जोखिम निर्धारित करने और विशिष्‍ट स्‍थानों पर तेज गर्मी के प्रभाव से संबंधित चेतावनी जारी करने के लिए अगले साल अपना सूचकांक शुरू करेगा

नई दिल्ली ४ मई: भारत देशवासियों पर गर्मी के प्रभाव का निर्धारण करने और विशिष्ट स्थानों पर गर्मी के प्रभाव पर चेतावनी जारी करने के लिए अगले साल अपना हीट इंडेक्स शुरू करेगा। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक एम महापात्रा ने बताया की उनका विभाग इस दिशा में कार्य कर रहा है और अगली गर्मियों में हीट इंडेक्स शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सूचकांक तापमान और उमस के साथ हवा और आंधी की स्थिति की भी जानकारी देगा।

श्री महापात्रा ने बताया कि वर्षा की स्थिति के कारण देश के विभिन्न भागों में सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने बताया कि पूर्वोतर भारत में कल रात से पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है।

इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विभिन्न भागों में आज सवेरे कोहरा छाया रहा, जिससे दृष्यता प्रभावित हुई। शहर में पिछले 24 घंटों में भारी वर्षा हुई और 21 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 30 दशमलव छह सेल्सियस रिकॉर्ड किया जो कि सामान्य से नौ डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 20 दशमलव एक डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज कुछ जगहों पर बादल छाए रहेंगे तथा तापमान 17 से 32 डिग्री के बीच रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *