भारत को संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग, मादक पदार्थ रोकथाम आयोग और संयुक्त राष्ट्र एचआईवी एड्स कार्यक्रम समन्वय बोर्ड का सदस्य चुना गया

नई दिल्ली ६ अप्रैल: भारत को संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग, मादक पदार्थ रोकथाम आयोग और संयुक्त राष्ट्र एचआईवी एड्स कार्यक्रम समन्वय बोर्ड का सदस्य चुना गया है। ये तीनों संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद के महत्वपूर्ण सहायक निकाय हैं। सांख्यिकी आयोग अंतरराष्ट्रीय सांख्यिकी गतिविधियों पर नजर रखने वाली सर्वोच्य संस्था है और यह इस क्षेत्र में मानक निर्धारित करने के लिए उत्तरदायी है। भारत पिछली बार 2004 में इस आयोग का सदस्य चुना गया था। विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर ने कड़े प्रतिस्पर्धी चुनाव में सफलता के लिए संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी मिशन टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय सांख्यिकी, विविधता और जनसांख्यिकी में भारत की विशेषज्ञता को जाता है। मादक पदार्थ रोकथाम आयोग अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ नियंत्रण संधियों को लागू किए जाने पर निगरानी रखता है। संयुक्त राष्ट्र एड्स कार्यक्रम समन्वय बोर्ड एचआईवी एड्स की रोकथाम के लिए रणनीतिक दिशानिर्देश प्रदान करता है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन ने कहा कि चुनाव में भारत को मिला जबर्दस्त समर्थन भारत की विशेषज्ञता में अंतरराष्ट्रीय समुदाय का भरोसा व्यक्त करता है। मिशन ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम के दर्शन के साथ भारत पूरे विश्व की चुनौतियों के समाधान के लिए प्रयासरत रहेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *