भारतीय सूचना सेवा के अधिकारियों को फर्जी खबरों को रोकने की जिम्मेदारी उठानी होगी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

नई दिल्ली २९ मार्च : भारतीय सूचना सेवा बैच 2018 से 2022 के अधिकारी प्रशिक्षुओं और भारतीय नौसेना आयुध सेवा के परिवीक्षाधीनों ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। भारतीय सूचना सेवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्‍ट्रपति ने कहा कि सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों तथा उनके कामकाज के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए संवाद बेहद महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने कहा कि प्रभावी संवाद और सही जानकारी के जरिए भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी देश की प्रगति के बारे में लोगों को जागरूक करने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि आज के समय में जब सूचनाओं का प्रसार हो रहा हैं वहीं फर्जी सूचनाएं भी समान गति से बढ़ रही है। भारतीय सूचना सेवा के अधिकारियों को फर्जी खबरों को रोकने की जिम्मेदारी उठानी होगी। भारतीय नौसेना के अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक दोनों को साजो-सामान की आपूर्ति के प्रबंधन संबंधी व्‍यवस्‍था में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्‍होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के उन्‍यन तथा आधुनिक हथियारों के आने से उन्‍हें स्‍वदेशीकरण के लक्ष्‍यों को हासिल करने में भी नए प्रयास करने चाहिए।