प्रधानमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर बजट उपरांत वेबिनार को संबोधित किया, कहा देश महिलाओं के नेतृत्व में विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है

नई दिल्ली १० मार्च: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश महिलाओं के नेतृत्व में विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। श्री मोदी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में देश में महिला सशक्तिकरण पर निरंतर ध्यान दिया गया है। श्री मोदी ने आज महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर बजट उपरांत वेबिनार को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति देश की प्रगति की गति को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है और अब महिलाएं कई क्षेत्रों में काफी आगे निकल चुकी है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए इस वर्ष के बजट में सरकार की घोषणाओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस साल का बजट महिलाओं के नेतृत्व में विकास की दिशा में किए गए प्रयासों को और प्रोत्साहन देगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 80 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। श्री मोदी ने कहा कि अभी तक योजना के अन्तर्गत तीन करोड़ घर बनाए जा चुके हैं और ज्यादातर घर महिलाओं के नाम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने महिलाओं को घर के आर्थिक फैसलों में एक नई आवाज दी है। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान बचत प्रमाण पत्र योजना के अन्तर्गत महिलाओं को साढ़े सात प्रतिशत ब्याज मिलेगा। उन्होंने महिलाओं के कौशल विकास की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा योजना इस दिशा में एक प्रमुख भूमिका निभाएगी और महिला सशक्तिकरण के लिए इसके अवसरों का लाभ उठाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *