जोशीमठ के अलावा प्रदेश के सभी पर्यटन स्थल सुरक्षित : सतपाल महाराज

नई दिल्ली २४ जनवरी : उत्तराखंड के पर्यटन और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि जोशीमठ को छोड़कर प्रदेश के सभी पर्यटन स्थल सुरक्षित हैं। देहरादून में उन्होंने कहा कि सरकार जोशीमठ की स्थिति से निपटने के लिए सभी संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी चार धाम यात्रा निर्विघ्न रूप से होगी। इस बीच, मुख्यमंत्री के विशेष प्रतिनिधि अजेन्द्न अजय ने अधिकारियों के साथ जोशीमठ में राहत संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा और शीत कालीन पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जोशीमठ में आपदा प्रभावित लोगों को केन्द्र और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जा रही है। राज्य के आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा है कि जोशीमठ के ढाक गांव में प्री-फैब्रिकेटेड भवनों के निर्माण के लिए जमीन को समतल करने और नक्शा बनाने का काम शुरू किया जा चुका है। देहरादून में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार सारी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उऩ्होंने कहा कि अगर जरूरी हुआ तो प्रभावित लोगों को भराड़ी सैण के विधायक होस्टल में रखा जा सकता है। आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि जोशीमठ में दरार वाले भवनों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई है। अभी तक आठ सौ 63 मकानों में दरार पाई गई है। 218 परिवारों के नौ सौ 33 सदस्यों को वहां से विस्थापित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *