वियतनाम भ्रष्टाचाररोधी अभियान के बीच राष्ट्रपति गुयेन जुआन फुक ने त्यागपत्र की घोषणा की

नई दिल्ली १८ जनुअरी : वियतनाम में चल रहे भ्रष्टाचाररोधी अभियान के बीच राष्ट्रपति गुयेन जुआन फुक ने त्यागपत्र की घोषणा की है। भ्रष्टाचाररोधी अभियान के कारण वियतनाम में कई मंत्रियों को निकाल दिया गया है। इससे पहले, राष्ट्रपति फुक के अधीन कार्य करने वाले दो उप-प्रधानमंत्रियों ने पद छोड़ दिया था। श्री फुक ने 2021 में राष्ट्रपति का पद संभाला था। उन्हत्तर वर्षीय फुक ने 2016 से अप्रैल 2021 तक वियतनाम के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। राष्ट्रपति पद छोड़ने के लिए नेशनल असेंबली से अनुमोदन की आवश्यकता होती है, लेकिन यह एक औपचारिकता मात्र है।

कम्युनिस्ट पार्टी ने एक बयान में फुक के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह अपने अधीन कई अधिकारियों के उल्लंघन और गलत कामों के लिए राजनीतिक रूप से जिम्मेदार थे। दो पूर्व उप-प्रधानमंत्री, दो मंत्री और अन्य अधिकारी देश में आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी के कट्टर महासचिव गुयेन फु ट्रोंग अधिक पश्चिमी और व्यापार समर्थक के रूप में देखे जाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों को हटाकर अपने अधिकार को मजबूत करते दिख रहे हैं। ट्रोंग को पिछले साल अभूतपूर्व तीसरा कार्यकाल दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *