उत्‍तर भारत में शीत लहर और घना कोहरा, रेल और हवाई सेवाएं बाधित

नई दिल्ली ०९ जनबरी: देश के उत्‍तरी भागों में शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है।पंजाब, दिल्‍ली, हरियाणा, चण्‍डीगढ, उत्‍तर प्रदेश और बिहार के कई भागों में आज घना कोहरा है। शीत लहर और घने कोहरे से इन क्षेत्रों में सामान्‍य जीवन प्रभावित हुआ है। घने कोहरे के कारण कुछ स्‍थानों पर दृश्‍यता लगभग शून्‍य हो गई है जिसकी वजह से वायु, रेल और सडक यातायात पर असर पडा है। भारतीय रेल के अनुसार कम दृश्‍यता के कारण 128 रेलगाडियां रद्द कर दी गई है। 29 रेलगाडियां देरी से चल रही है। दिल्‍ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया है कि दिल्‍ली आने वाली पांच उडानें कम दृश्‍यता के कारण अन्‍य स्‍थानों पर भेज दी गई।

इस बीच, मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्‍तर पश्चिम भारत तथा मध्‍य भारत के मैदानी इलाकों में कल से शीत लहर में कमी का अनुमान जताया है। आकाशवाणी से बातचीत में मौसम विभाग के महानिदेशक डॉक्‍टर एम महापात्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्‍तर पश्चिम भारत और मध्‍य भारत में तापमान में धीरे-धीरे बढोतरी होगी और लोगों को शीत लहर से राहत मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि दस जनवरी से घने कोहरे की स्थिति में भी कमी आएगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शीत लहर की स्थिति में भी कुछ राहत मिलेगी। 13 जनवरी से तापमान बढने की संभावना है। डॉक्‍टर महापात्रा ने कहा कि जम्‍मू-कश्‍मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखण्‍ड में 11 से 13 जनवरी  के बीच बारिश होने और बर्फबारी होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *