नई दिल्ली ०८ जनुअरी : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी का उत्तरप्रदेश में प्रयागराज में आज सुबह अपने आवास पर निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। वे लंबे समय से बीमार थे और पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर बाद प्रयागराज में किया जाएगा।
राष्ट्रपति,उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित कई गणमान्य लोगों ने श्री त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री त्रिपाठी को एक ऐसा कानूनविद बताया जिन्हें जनसेवा के लिए याद रखा जाएगा।
उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने एक संदेश में कहा कि श्री त्रिपाठी को उनकी विद्वता और लोकसेवा के प्रति उनके असाधारण समर्पण के लिए सदैव स्मरण किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि श्री त्रिपाठी ने अपनी सेवा और बुद्धिमत्ता के लिए सम्मान अर्जित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने और राज्य की प्रगति में भी श्री त्रिपाठी के योगदान को याद किया। श्री मोदी ने श्री त्रिपाठी के परिजनों और प्रशंसकों के प्रति समवेदना प्रकट की है।
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि श्री त्रिपाठी ने उत्तरप्रदेश में भाजपा को मज़बूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
