त्रिपुरा : भाजपा के एक और विधायक दिबाचंद्र रंखाल ने दिया इस्तीफा

अगरतला, 28 दिसंबर । त्रिपुरा विधानसभा के एक और विधायक ने इस्तीफा दे दिया है। भाजपा विधायक दिबाचंद्र रंखाल ने आज अध्यक्ष की अनुपस्थिति में त्रिपुरा विधानसभा सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। अब तक 7 विधायकों ने विधानसभा सदस्य पद से इस्तीफा दे चुके हैं। एक विधायक की सदस्यता खारिज कर दी गई थी। ये सभी सत्तारूढ़ भाजपा और गठबंधन सहयोगी आईपीएफटी के विधायक थे।

इससे पहले भाजपा विधायक आशीष दास की विधानसभा की सदस्यता खारिज कर दी गई थी। इसके बाद वृषकेतु देबवर्मा, सुदीप रॉय बर्मन, आशीष कुमार साहा, बुर्वमोहन त्रिपुरा, धनंजय त्रिपुरा और मेबार कुमार जमातिया ने विधायक से इस्तीफा दे दिया था। दिबाचंद्र रंखाल ने भी आज विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है।

दिबाचंद्र रंखाल ने कहा, मैंने निजी कारणों से आज विधायक पद से इस्तीफा दिया है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधायक के तौर पर उन्होंने अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा, मैंने करमछरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक के रूप में अपना कर्तव्य ठीक से निभाया है। लेकिन, मुझे भाजपा विधायक के तौर पर काम करना पसंद नहीं आया, इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया।

आज वे पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता आशीष कुमार साहा, बापतू चक्रवर्ती और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ विधानसभा में पहुचे और अपना त्याग पत्र सौंपा। इससे साफ है कि वह कांग्रेस में वापस जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने आज इस बारे में साफ तौर पर कुछ नहीं कहा। उनके मुताबिक समय होने के बाद इसकी जानकारी सभी को दे दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *