अगले तीन दिनों में उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी रहने की आशंका

नई दिल्ली २५ दिसंबर : उत्तर भारत में अगले तीन दिन कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। कश्मीर घाटी में तापमान लगातार जमाव बिंदु से नीचे है। घाटी के सभी भागों में 21 दिसंबर से चल रही कड़ाके की ठंड अगले 40 दिन तक जारी रहेगी। इन दिनों को चिलाइ कलां कहते हैं। श्रीनगर में डल झील के कई हिस्से जम गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में, राज्य के अधिकांश हिस्से पारा गिरने के कारण शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग ने बताया है कि आज निचली पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में घने कोहरे के साथ मौसम शुष्क रहेगा।

अगले दो दिनों में कांगड़ा, शिमला, चंबा, लाहोल स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों की ऊंची पहाड़ियों में हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का तापमान सामान्य से कम हो जाने के कारण शीत लहर चल रही है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा जारी रहेगा।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों, केरल और लक्षद्वीप द्वीप में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है। मछुआरों को आज दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका तट में दूर तक न जाने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *