चक्रवाती तूफान मन-दॉस तमिलनाडु पहुंचा, मौसम विभाग का तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश के कई स्‍थानों पर बारिश तथा आंधी तूफान का अनुमान

नई दिल्ली १० दिसंबर: चक्रवाती तूफान मैंडूस आज तड़के ममलापुरम के नजदीक उत्‍तरी तमिलनाडु तट को पार कर गया। यह तूफान कल आधी रात तटीय क्षेत्रों से टकराया था लेकिन अब थम गया है। इसके पश्चिम-उत्‍तर-पश्चिम दिशा की ओर बढने, अगले दो घंटे में धीरे धीरे कमजोर होकर गहरे दबाव में बदलने और दोपहर तक दबाव में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने आशंका व्‍यक्‍त की है कि इसके प्रभाव से उत्‍तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में कुछेक स्‍थानों पर  हल्‍की से सामान्‍य वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख ने कहा है कि चक्रवात के कारण चेन्‍नई और आस-पास के उपनगरीय क्षेत्रों में 16 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आज सुबह 55 से 75 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। शाम तक इसकी रफ्तार कम होकर 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है।

मछुआरों को आंध्र प्रदेश के समुद्री क्षेत्र में न जाने की सलाह दी गई है। चक्रवाती तूफान के दौरान सभी समुद्री तटीय जिलों और रायलसीमा जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्‍य के कई क्षेत्रों में तेज से सामान्‍य वर्षा दर्ज की गई। दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी वर्षा और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 

पुद्दुचेरी में चक्रवाती तूफान मैंडूस के प्रभाव से कल सामान्‍य वर्षा हुई लेकिन अब आसमान साफ है। राज्‍य आपदा प्रबंधन केन्‍द्र ने बताया है कि तूफान से अब तक कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। स्‍कूल और कॉलेज आज बंद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *