गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू

नई दिल्ली ०८ दिसंबर: गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना चल रही है। इसके साथ ही मैनपुरी लोकसभा सीट और पांच राज्यों की छह विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती भी की जा रही है। उत्तर प्रदेश में रामपुर और खतौली, ओडिसा में पदमपुर, राजस्थावन में सरदारशहर, बिहार में कुढनी और छत्तीसगढ़ में भानुप्रताप विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव कराया गया था।

गुजरात विधानसभा चुनाव के रूझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है जबकि हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच लगभग कांटे का मुकाबला नजर आ रहा है।

गुजरात में भारतीय जनता पार्टी ने सभी 182 सीटों जबकि कांग्रेस ने 179 सीटों के लिए चुनाव लड़ा है। अबतक 74 सीटों के रूझान मिल चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी 60 सीट पर और कांग्रेस 10 सीट पर आगे चल रही है। आम आदमी पार्टी को चार सीट पर बढत है। 

हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ा है। जबकि आम आदमी पार्टी ने 67 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। अबतक 35 सीटों के रूझान मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी 20 सीट पर और कांग्रेस 13 सीट पर आगे चल रही है। निर्दलीय दो सीटों पर आगे हैं।

मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में रूझानों के अनुसार समाजवादी पार्टी आगे है।

उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा उपचुनाव में रामपुर सीट से समाजवादी पार्टी आगे है। ओडिसा में पदमपुर सीट से बीजू जनता दल, राजस्थान में सरदारशहर से कांग्रेस, छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर में कांग्रेस और बिहार में कुढनी सीट से भारतीय जनता पार्टी आगे है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *