राष्ट्रपति आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2022 और राष्‍ट्रीय साहसी खेल पुरस्‍कार-2021 प्रदान करेंगी

नई दिल्ली ३० नवंबर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार, 2022 और राष्ट्रीय साहसिक खेल पुरस्कार, 2021 प्रदान करेंगी। टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल अचंत को 2022 के लिए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जायेगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि खेल प्रतिभाओं को पहचानने और सम्मानित करने के लिए प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।

खेलों में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जाता है। पिछले चार वर्षों में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन के लिए अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया जाता है।

द्रोणाचार्य पुरस्कार खेल प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान है। ध्यानचंद पुरस्कार किसी खिलाड़ी के पूरे जीवनकाल में खेल में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार खेलों के प्रोत्साहन और विकास में भूमिका निभाने वाले निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की कार्पोरेट संस्थाओं, खेल नियंत्रण बोर्ड, गैर-सरकारी संगठन, राज्य और राष्ट्रीय खेल निकायों को प्रदान किए जाते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *