अभिनेता विक्रम गोखले की हालत में सुधार, 48 घंटे में हटा दिया जाएगा वेंटिलेटर

मुंबई, 25 नवंबर (हि.स.)। मराठी फिल्म अभिनेता विक्रम गोखले के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। यह जानकारी शुक्रवार को पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी शिरीष यादगीकर ने दी। उन्होंने बताया कि आगामी 48 घंटे में उन्हें लगाया गया वेंटिलेटर भी हटा दिया जाएगा।

दीनानाथ अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी शिरीष यादगीकर ने आज सुबह पत्रकारों को बताया कि विक्रम गोखले की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उनका शरीर दवाओं को प्रतिसाद दे रहा है, आंखें खुल रही हैं। अगले 48 घंटे में वेंटिलेटर की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही बीपी और हार्ट फंक्शन नॉर्मल है। इस खबर से विक्रम गोखले के प्रशंसकों में खुशी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार विक्रम गोखले को 5 नवंबर को पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। तीन दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसलिए विक्रम गोखले ने डॉक्टरों ने उनके परिवार वालों को बुलाने के लिए कहा था। इसके बाद उनकी सैन फ्रांसिस्को में रहने वाली बेटी तत्काल पुणे पहुंची थी। मुंबई में रहने वाली बेटी भी तत्काल पुणे पहुंच गई थी।

बुधवार को विक्रम गोखले के बारे में मीडिया में गलत खबरें प्रसारित की गई थीं, इसलिए गुरुवार को खुद उनकी पत्नी वृषाली गोखले ने इन खबरों का खंडन किया था। वृषाली ने कहा था कि विक्रम गोखले की हालत स्थिर है। उन्होंने विक्रम गोखले के बारे में गलत जानकारी प्रसारित न करने की अपील की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *