केजरीवाल का मॉडल है- जेल में फाइव स्टार सुविधाएं : अनुराग ठाकुर

जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कानून व्यवस्था के मुद्दे राजस्थान की कांग्रेस सरकार और आम आदमी पार्टी (आप) पर पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता दुखी हो रही है कि क्या सोचकर उन्होंने कांग्रेस को वोट दिया। ठाकुर ने दावा किया कि गुजरात और हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने आप पर हमला बोलते हुए कहा कि केजरीवाल मॉडल है, जेल में भी फाइव स्टार सुविधाएं। भ्रष्टाचार कर जेल जाओ, केजरीवाल से ईमानदारी का सर्टिफिकेट पाओ।

केंद्रीय मंत्री ठाकुर बुधवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दलित, वंचित, महिलाओं के खिलाफ ऐसे अत्याचार हो रहे हैं। राजस्थान की घटनाएं देशभर के लिए कहानी बन रही हैं। राजस्थान में दो नेताओं की लड़ाई की तो सोच सकते हैं, लेकिन महिलाओं के प्रति अत्याचार, दुराचार के हालात हैं। राजस्थान की जनता यह सोचकर दुखी हो रही है कि क्या सोचकर कांग्रेस को वोट दिया। जयपुर प्रवास दौरान ठाकुर दूरदर्शन, ऑल इंडिया रेडिया सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर कामकाज की समीक्षा भी करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश में धर्मांतरण की घटनाओं पर कहा कि ऐसे मामलों में राज्य सरकार को कानून के तहत कार्रवाई करनी चाहिए। इस तरह के मामले देश के लिए लम्बे समय के लिए ठीक नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी जबरन धर्मांतरण के मामलों पर टिप्पणी की है। ठाकुर ने कहा कि आशा है राज्य सरकार धर्मांतरण के मुद्दों पर उचित कार्रवाई करेगी। राजस्थान पर्यटन की तस्वीर के रूप में था और यहां देशभर से पर्यटक आते रहे हैं, लेकिन महिलाओं, एससी-एसटी पर अत्याचार को राजनीतिक रूप देकर धर्मांतरण को साम्प्रदायिक रूप देकर कांग्रेस ने राजस्थान की छवि बिगाड़ दी है।

गुजरात व हिमाचल में भाजपा सरकार

ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा में भाजपा की सरकारें बनी, वैसे ही हिमाचल और गुजरात में भी भाजपा की सरकारें बनेंगी। हिमाचल में चुनाव प्रचार के दौरान भावुक होने के सवाल पर अनुराग ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता काम करता है। पांच साल कार्यकर्ताओं ने जमीनी कार्य किया। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, वो बिना किसी लालसा के इसे जिताने के लिए काम करता है। हिमाचल के मुख्यमंत्री पद के नाम चलने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं भाजपा कार्यकर्ता हूं, केंद्र सरकार में मंत्री हूं और मोदी के नेतृत्व में काम कर रहा हूं। मैं इसमें बहुत खुश हूं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुजरात चुनाव में आप के दावों को लेकर कहा कि आम आदमी पार्टी दावे तो उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भी करती थी, लेकिन जमानत जब्त हो गई। उत्तर प्रदेश में तो 403 सीटों पर चुनाव में एक भी सीट पर जमानत नहीं बचा पाई। वहीं उत्तराखंड में खाता भी नहीं खुल सका। पंजाब में स्वास्थ्य मंत्री को कुछ ही दिनों में भ्रष्टाचार के आरोप में इस्तीफा देना पड़ा। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री जेल में हैं, मजे और मसाज का आनंद उठा रहे हैं। आप सत्ता का आनंद ले रही है, आप के लोग भ्रष्टाचार कर जेल में आनंद करते हैं। ठाकुर ने कहा कि ये इतना झूठ बोलेते हैं। कोर्ट में आकर बोलते हैं खाने की समस्या है, लेकिन इनके खाने की प्लेट देखाे तो शायद फाइव स्टार में भी ऐसी नहीं मिली जैसी उनको जेल में मिली। पानी मिनरल, मसाज मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *