आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक 22-23 को कंबोडिया में, राजनाथ सिंह करेंगे अध्यक्षता

नई दिल्ली, 20 नवम्बर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22-23 नवंबर को कंबोडिया की यात्रा पर जाएंगे। वह आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक प्लस (एडीएमएम प्लस) और भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। एडीएमएम-प्लस और भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के अलावा रक्षा मंत्री सिंह भाग लेने वाले देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।

कंबोडिया के उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय रक्षा मंत्री समदेच पिचे सेना टीईए बान के निमंत्रण पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22-23 नवंबर को कंबोडिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। कंबोडिया एडीएमएम-प्लस के अध्यक्ष के रूप में 9वीं वार्षिक बैठक की मेजबानी कर रहा है। भारत-आसियान संबंधों के 30 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारत और कंबोडिया पहली भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक के दौरान भारत-आसियान साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलों की घोषणा करने की योजना है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 22 नवंबर को पहली भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक होगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 23 नवंबर को आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों को संबोधित करेंगे। वह कंबोडिया के प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करेंगे। भारत 1992 में आसियान का संवाद भागीदार बना और 12 अक्टूबर, 2010 को हनोई, वियतनाम में आसियान रक्षा मंत्री बैठक प्लस (एडीएमएम-प्लस) का उद्घाटन किया गया था। एडीएमएम-प्लस मंत्रियों की सालाना बैठक 2017 से आसियान और प्लस देशों के बीच संवाद एवं सहयोग आगे बढ़ाने के लिए होती रही है।

भारत और आसियान ने नवंबर, 2022 में अपने संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ तक बढ़ा दिया है। एडीएमएम-प्लस और भारत-आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के अलावा रक्षा मंत्री भाग लेने वाले देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। वार्ता के दौरान राजनाथ सिंह रक्षा सहयोग मामलों और पारस्परिक रूप से लाभप्रद संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।

क्या है आसियान

एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशंस एक क्षेत्रीय संगठन है जो अलग-अलग पड़ोसियों को आर्थिक और सुरक्षा मुद्दों को संबोधित करने के लिए एक साथ लाता है, लेकिन समूह का प्रभाव सीमित रहता है। यह दस दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का एक अंतर सरकारी संगठन है, जिसमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम हैं। आसियान देशों की कुल आबादी 66.2 करोड़ है और संयुक्त सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 3.2 ट्रिलियन डॉलर है। इस समूह ने एशियाई आर्थिक एकीकरण में एक केंद्रीय भूमिका निभाई है। एडीएमएम-प्लस में दस आसियान सदस्य देशों के अलावा भारत, चीन, ऑस्ट्रेलिया, जापान, न्यूज़ीलैंड, कोरिया गणराज्य, रूसी संघ और संयुक्त राज्य अमेरिका शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *