नए भारत के भविष्य की नींव हैं विद्यार्थी: अर्जुन मुंडा

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को कहा कि जिस उद्देश्य को लेकर हम नए सपनों के साथ नए भारत का संकल्प ले रहे हैं, उसके भविष्य की नींव विद्यार्थी हैं। मुंडा दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा आज “रन फॉर डीयू” के तहत आयोजित एक शताब्दी दौड़ (सेंटेनरी रन) के उद्घाटन कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। विश्वविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा इस दौड़ का आयोजन गया था।

इस अवसर पर जनजातीय मामलों के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि और शिक्षा पर संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष विवेक ठाकुर विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो. योगेश सिंह ने की। इस दौरान यूथ आइकॉन, ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के साथ मुख्यातिथि ने यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड से सेंटेनरी रन को झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि मैं भारत के उस कोने की मिट्टी से आता हूँ, जहां से पैदा हुए महेंद्र सिंह धोनी देश की क्रिकेट का नेतृत्व करते हैं और दीपिका तीरंदाजी में दुनिया के फ़लक पर चमक रही है। उन्होने कहा कि ये सभी उपलब्धियां भारत की हैं। हमें इस सुगंध को दुनिया में फैलाना है और यही इस शताब्दी दौड़ का उद्देश्य है। उन्होने आह्वान किया कि आइये हम सब मिलकर ऐसे संकल्प के साथ आगे बढ़ें जिससे हम 2047 में देश को अपनी नई पीड़ी को सौंपने में गर्व महसूस करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो. योगेश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होने उपस्थिती को संबोधित करते हुए कहा कि 100 साल पहले जब ये विश्वविद्यालय बना तो किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि 100 वर्ष बाद आज के दिन यहां इतना बड़ा कार्यक्रम होगा जिसमें आप सबकी भागीदारी होगी। उन्होने कहा कि जब कुछ बड़ा काम करने वाले का नाम लिया जाता है तो सबको खुशी होती है। नीरज चोपड़ा उसी का उदाहरण हैं। उन्होने कहा कि नीरज चोपड़ा जैसा बनने के लिए फिट रहना जरूरी है। इसलिये भारत सरकार ने 2019 में फिट इंडिया मुंवमेंट की शुरुआत की थी। कुलपति ने विद्यार्थियों से कहा कि वे फिट रहे, खुश रहे, स्वस्थ रहें और मस्त रहें। अपना व अपने परिवार का नाम रोशन करें। उन्होने बताया कि विश्वविद्यालय अब फिट इंडिया प्रोग्राम के तहत वैल्यू एडड कोर्स भी शुरू कर रहा है। शिक्षा नीति 2020 के अनुसार वह कैरीकुलम का भाग भी होगा।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विवेक ठाकुर ने कहा कि वर्तमान भी भारत का है और भविष्य भी भारत का है। यह परिवर्तन उन्हें डीयू के इस सुंदर स्टेडियम में आकार देखने को मिल रहा है। भारत ने अगली जी-20 बैठक की मेजबानी ली है, ये कोई साधारण बात नहीं है। उन्होने कहा कि कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां पर दिल्ली विश्वविद्यालय ने अतिउत्तम प्रदर्शन न किया हो। इस देश को दिशा देने वाले एक से एक लोग इस विश्वविद्यालय के उत्पाद रहे हैं। उन्होने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के पुराने इतिहास को पुन: स्थापित करने में आप ही आगे के पथ प्रदर्शक हैं। आज की दौड़ में भाग लेने वाले युवाओं के हाथों में ही इसकी डोर है। उन्होने अपनी ओर से शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि आइये साथ मिलकर आगे बढ़ें और भारत को अपने पुराने वैभव और गौरव पर स्थापित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *