भारत के पहले निजी रॉकेट के सफल प्रक्षेपण पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी बधाई

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को स्काईरूट एयरोस्पेस द्वारा विकसित भारत के पहले निजी रॉकेट, विक्रम-सबऑर्बिटल के सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और इन-स्पेस को बधाई दी है।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि विक्रम-एस, भारत का पहला निजी तौर पर निर्मित रॉकेट आज इसरो द्वारा सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। यह भारत के वैज्ञानिक कौशल और हमारे निजी अंतरिक्ष उद्योग की क्षमताओं को प्रदर्शित करता है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बधाई देते हुए कहा कि मिशन प्रारंभ की सफलता भारत में निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को बढ़ावा देगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है। यह भारत के निजी अंतरिक्ष उद्योग की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस उपलब्धि को सक्षम करने के लिए इसरो और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को बधाई। यह उपलब्धि हमारे युवाओं की अपार प्रतिभा की गवाही देती है, जिन्होंने जून 2020 के ऐतिहासिक अंतरिक्ष क्षेत्र के सुधारों का पूरा लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *