मध्य प्रदेश : संघ प्रमुख डॉ. भागवत 18 नवंबर को आएंगे जबलपुर

जबलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 18 नवंबर को जबलपुर आएंगे। वे 20 नवंबर तक जबलपुर में रहेंगे। इस दौरान संघ प्रमुख पूरे महाकौशल प्रांत से आने वाले संघ कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे और उनके परिवारों से भेंट करेंगे। संघ प्रमुख 19 नवम्बर को मानस भवन में प्रबुद्धजनों संगोष्ठी को भी संबोधित करेंगे।

प्रान्त प्रचार प्रमुख विनोद कुमार ने बुधवार को बताया कि संघ के केंद्रीय अधिकारियों का एक निश्चित अंतराल में हर प्रांत में प्रवास होता है। इसी क्रम में सरसंघचालक का जबलपुर आने का कार्यक्रम है। इन तीन दिनों में संघ प्रमुख कार्यकर्ताओं से शाखा कार्य, सेवा कार्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, कृषि व श्रमिक कल्याण आदि विषयों पर चर्चा करेंगे। साथ ही स्वयंसेवकों द्वारा संगठन की दृष्टि से किये जा रहे कार्यों, सामाजिक कार्यों और नूतन प्रयोगों की जानकारी लेंगे।

इस दौरान संघ प्रमुख देशभर में स्वयंसेवकों द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न रचनात्मक कार्यों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराएंगे। सरसंघचालक के आगमन को लेकर प्रांत के सभी जिलों में विगत कई माह से बैठकों और कार्यक्रमों का क्रम जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *