बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार : कांग्रेस

नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि देश में बढ़ती महंगाई के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार जिम्मेदार है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है? सुप्रिया ने कहा कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में देश मन की बात सुनकर थक चुका है, अब लोग अपनी समस्याओं पर बात करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के लोगों की समस्याओं को सुनने और समझने के लिए तैयार नहीं है।

सुप्रिया ने कहा कि अमेरिका में महंगाई इसलिए बढ़ी क्योंकि कोरोना काल के दौरान वहां की सरकार ने लोगों के हाथ में पैसा दिए, ताकि उन मुश्किल परिस्थितियों में भी उनका रोजमर्रा जीवन चलता रहे। लेकिन हमारे देश में मुनाफाखोरी के कारण महंगाई बढ़ी है।

सुप्रिया ने कहा कि कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश को जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी यात्रा के दौरान लगातार लोगों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *