राष्ट्रपति आज और कल मध्य प्रदेश में, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगी शामिल

भोपाल, 15 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आज (मंगलवार ) मध्य प्रदेश के दो दिवसीय पर पहुंच रही हैं। वो दोपहर में शहडोल के लालपुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगी और शाम को भोपाल से दो परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू अपने प्रवास के दूसरे दिन 16 नवंबर को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में महिला स्व-सहायता समूह सम्मेलन में शामिल होंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू वायुसेना के विमान से मंगलवार को दोपहर करीब 12ः25 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी और यहां से हेलीकाप्टर द्वारा दोपहर 12ः35 बजे शहडोल के लिए प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रपति यहां दोपहर 1:45 बजे लालपुर (शहडोल) में जनजातीय गौरव दिवस में शामिल होंगी और इसके बाद दोपहर 3.00 बजे शहडोल से प्रस्थान कर अपराह्न 3:55 जबलपुर और वहां से शाम 5:25 बजे भोपाल पहुंचेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू सायं 6:30 बजे राजभवन भोपाल से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रातापानी, औबेदुल्लागंज-इटारसी फोरलेन परियोजना (एनएच-46) और रक्षा मंत्रालय की ग्वालियर स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संस्थान में मेक्सिमम माइक्रोवाइल कंटेनमेंट लेबोरेट्ररी (बीएसएल 4) का वर्चुअली शिलान्यास करेंगी। प्रवास के दूसरे दिन बुधवार को पूर्वान्ह 11:30 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में महिला स्व-सहायता समूह सम्मेलन में भाग लेंगी। राष्ट्रपति दोपहर 12:55 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

जनसम्पर्क अधिकारी पंकज मित्तल ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर शहडोल के लालपुर में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान राष्ट्रपति द्वारा मध्य प्रदेश में पेसा एक्ट को आधिकारिक तौर पर लागू भी किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश की जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह मांडवे, वन मंत्री विजय शाह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह और पशुपालन एवं सामाजिक न्याय मंत्री प्रेमसिंह पटेल उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के मध्यप्रदेश के भोपाल, जबलपुर और शहडोल आगमन पर अगवानी, विदाई और सत्कार के लिए राज्य मंत्रिपरिषद के तीन सदस्य मिनिस्टर-इन-वेटिंग नामांकित किए गए हैं। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा 15 एवं 16 नवंबर को भोपाल विमानतल, परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत 15 नवंबर को जबलपुर विमानतल और पिछड़ा-वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामखेलावन पटेल शहडोल हेलीपेड पर मिनिस्टर-इन-वेटिंग रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *