बेलपहाड़ी पहुंचीं ममता ने बिरसा मुंडा की चार प्रतिमाओं का किया अनावरण, चाय दुकान में बेची चॉप

कोलकाता, 15 नवंबर (हि.स.)। दो दिवसीय दौरे पर आदिवासी बहुल क्षेत्र बेलपहाड़ी पहुंचीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भगवान बिरसा मुंडा की चार प्रतिमाओं का अनावरण किया है। बेलपहाड़ी में एक ही जनसभा से उन्होंने चारों प्रतिमाओं का अनावरण किया। मेदनीपुर के रंगा माटी में स्थापित बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने यहां गांव गांव में जाकर लोगों से मुलाकात भी की। इसके बाद बेल पहाड़ी में स्थापित प्रतिमा का अनावरण सीएम ने किया। इसी तरह से दो अन्य प्रतिभाओं का भी अनावरण मुख्यमंत्री ने किया। इसके बाद बेलपहाड़ी में अपने कार्यक्रम को खत्म कर जब वह झाड़ग्राम लौट रही थीं तो शिलदा में सड़क किनारे एक चाय दुकान देखकर उन्होंने अपना काफिला रोक दिया। इस छोटी सी चाय की दुकान के मालिक बुधदेव महंती ने देखा कि मुख्यमंत्री आ रही हैं तो वह भी खड़े हो गए। मुख्यमंत्री सीधे दुकान के अंदर गईं, उन्होंने वहां बनाकर रखे गए आलू और अंडे का चॉप अपने काफिले में शामिल सभी लोगों को खिलाया। वहां मौजूद अन्य लोगों को भी उन्होंने आलू चॉप और अंडा चॉप दिया। ममता ने चाय भी बांटी। कुछ ही देर में एक हजार रुपये की बिक्री बुद्धदेव की हुई। इसे लेकर उन्होंने खुशी जाहिर की। मोहंती ने कहा कि मुख्यमंत्री का इस तरह से आना और चॉप बांटना अचंभित करने वाला था। मैं चाय बना रहा था तभी अचानक मुख्यमंत्री का काफिला यहां रुक गया। मुझे यकीन नहीं हो रहा था। हालांकि उन्होंने बताया कि भले ही उनकी दुकान पर मुख्यमंत्री ने यह सब कुछ किया लेकिन वह सीएम से मिल नहीं पाए क्योंकि सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घेर रखा था। उन्होंने कहा कि इसके पहले कभी भी मैंने मुख्यमंत्री को इतने करीब से नहीं देखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *