खड़गपुर के एक गेस्ट हाउस में मिला रूसी इंजीनियर का शव

पश्चिम मेदिनीपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले के खड़गपुर के सहचक में स्थानीय गेस्ट हाउस से एक रूसी इंजीनियर का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक रूसी इंजीनियर का नाम रुस्लान गैटालिन है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक रुस्लान गैटालिन कुछ दिन पहले रूस से खड़गपुर स्थित एक कंपनी रश्मि मेटालिक्स लि. में गेस्ट इंजीनियर के तौर पर काम करने आये थे। 60 वर्षीय इंजीनियर खड़गपुर के सहचक में एक गेस्ट हाउस में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह वह कमरे के अंदर से अचेत अवस्था में मिले। गेस्ट हाउस के कर्मचारी उन्हें फौरन मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज ले गये, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुर्दाघर में उनका पोस्टमार्टम किया गया। मौत कैसे हुई इस बात को लेकर पुलिस असमंजस में है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर रश्मि मेटालिक्स कंपनी ने भारत के विदेश मंत्रालय से संपर्क किया है। प्रशासन रूस स्थित रुस्लान के परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।