राष्ट्रपति मुर्मू गुरुवार से ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर

नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार से ओडिशा के दो दिवसीय दौर पर रहेंगी। राष्ट्रपति के रूप में यह ओडिशा की उनकी पहली यात्रा होगी।

राष्ट्रपति भवन ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 और 11 नवंबर को ओडिशा का दौरा करेंगी।

राष्ट्रपति अपने दौरे की शुरुआत 10 नवंबर को पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की पूजा से करेंगी। इसके बाद, वह भुवनेश्वर पहुंचेंगी जहां वह प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों और नेताओं की मूर्तियों के सामने श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। उसी शाम राष्ट्रपति राजभवन भुवनेश्वर में उनके सम्मान में आयोजित होने वाले नागरिक स्वागत समारोह में शामिल होंगी।

बयान में कहा गया है कि 11 नवंबर को राष्ट्रपति भुवनेश्वर में तपोबन हाई स्कूल, गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल यूनिट-दो और कुंतला कुमारी सबत आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल यूनिट-दो का दौरा करेंगी और छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत करेंगी। उसी दिन वह जयदेव भवन, भुवनेश्वर से केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *