मध्य प्रदेश में 2023 में फिर खिलेगा कमल: ज्योतिरादित्य सिंधिया

 भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक शुरू, वरिष्ठ नेता-पदाधिकारी हुए शामिल

भोपाल, 8 नवंबर (हि.स.)। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश में वर्ष 2023 में फिर कमल का फूल खिलेगा। हम साथ में बैठकर जीत का संकल्प लेंगे और आगे की रणनीति पर विचार विमर्श करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया मंगलवार को भोपाल में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी सभी बड़े नेता और पदाधिकारी भाजपा कार्यालय पहुंचे हैं। केंद्रीय मंत्री सिंधिया बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद ही अचानक बाहर निकल आए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इसके पहले उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 2023 में होने वाला विधानसभा चुनाव में हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और शिवराज सिंह के नेतृत्व में ही जीत का परचम लहराएंगे। इसके बाद सिंधिया वहां से रवाना हो गए।

इस बैठक से पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिंधिया मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके बीच प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि निवास पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मेरे निवास पर भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार संबंधी विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

भाजपा एक जीवंत राजनैतिक दल हैः तोमर

कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा एक जीवंत राजनैतिक दल है, जहां 365 दिन काम होता है। संगठन के विस्तार की दृष्टि से राजनीतिक दृष्टि से, आगामी चुनावों की दृष्टि से, विचार-विमर्श नियमित रूप से होता रहता है। उन्होंने मप्र में निगम मंडल की नियुक्तयों को लेकर कहा है कि यह मामला पार्टी के संज्ञान में है, जो जिम्मेदार लोग हैं, वे इस पर विचार करेंगे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को अप्रासंगिक इवेंट बताया। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि देश में समस्याओं पर राजनैतिक दल बैठकर विचार करें और एक मत होकर उसके लिए काम करें। भारत आखिर कहां टूट रहा है, जो भारत जोड़ो यात्रा निकालने का जरूरत पड़ रही है।

इधर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी कार्यालय में बैठक शुरू होने से पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यात्रा चाहे जितनी भी ऐतिहासिक हो, कमलनाथ के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार होगी। उन्होंने राहुल गांधी के मध्य प्रदेश में संतों के साथ नर्मदा स्नान को लेकर कहा कि दक्षिण से गोल टोपी पहनकर चले हैं, यहां आकर कुछ न कुछ नाटक तो करेंगे ही।

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में केन्द्रीय मंत्री तोमर, सिंधिया के अलावा फग्गन सिंह कुलस्ते, डा. वीरेन्द्र कुमार, प्रह्लाद पटेल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के अलावा ग्रुप के सदस्य मौजूद हैं। इस बैठक में आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय सामाजिक और राजनैतिक संगठनों को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *