पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने कंबोडिया जायेंगे जगदीप धनखड़

नई दिल्ली, 07 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आसियान-भारत स्मारक शिखर सम्मेलन और 17वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 11-13 नवंबर तक कंबोडिया का दौरा करेंगे। उपराष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भी होंगे। आसियान के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में कंबोडिया इन शिखर सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार उपराष्ट्रपति 12 नवंबर को नोम पेन्ह में आसियान-भारत स्मारक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस वर्ष आसियान-भारत संबंधों की 30वीं वर्षगांठ है और इसे आसियान-भारत मैत्री वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।

उपराष्ट्रपति 13 नवंबर को 17वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसमें दस आसियान सदस्य देश ब्रुनेई, दारुस्सलाम, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओ पीडीआर, मलेशिया, म्यांमार, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपींस और वियतनाम शामिल हैं। वहीं भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस इसके आठ संवाद साझेदार हैं।

अपनी यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति की कंबोडियाई नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं भी होंगी। शिखर सम्मेलन से इतर वह अन्य देशों के नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

नोम पेन्ह से लौटते समय उपराष्ट्रपति कंबोडियाई विरासत स्थलों पर भारत द्वारा किए जा रहे संरक्षण और जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा करने के लिए सिएम रीप का भी दौरा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *