प्रत्येक वोट 25 वर्षों में हिमाचल की विकास यात्रा को करेगा तय: प्रधानमंत्री मोदी

मंडी/नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में तेज विकास और स्थिर सरकार को जरूरी बताते हुए कहा कि 12 नवंबर को डाला गया प्रत्येक वोट अमृतकाल के 25 वर्षों में हिमाचल की विकास यात्रा को तय करेगा।

हिमाचल प्रदेश के सुंदर नगर में भारतीय जनता पार्टी की ”विजय संकल्प रैली” में मोदी ने कहा, “इस बार का हिमाचल का चुनाव बेहद खास है। इस बार 12 नवंबर को पड़ने वाला एक-एक वोट हिमाचल के अगले 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा।” उन्होंने आगे कहा, “लोग जानते हैं कि भाजपा का मतलब स्थिरता और विकास को प्राथमिकता है। हिमाचल के लोगों ने फिर से भाजपा सरकार बनाने का फैसला किया है।”

कांग्रेस की चुनावी घोषणाओं को लेकर मोदी ने पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झूठे वादे करना और झूठी गारंटी देना कांग्रेस की पुरानी चाल रही है। किसानों को कर्जमाफी के नाम पर कांग्रेस किस तरह झूठ बोलती आ रही है, इसका भी गवाह पूरा देश रहा है। कांग्रेस ने कभी भी हिमाचल के विकास को प्राथमिकता नहीं दी। भाजपा ने जनता से किए अपने वादों को पूरा किया। मोदी ने कहा, “कांग्रेस के लिए सरकार में आना, सरकार में रहना, राज-पाट चलाने जैसा ही रहा है। हिमाचल में, पहाड़ी राज्यों में तो कांग्रेस दशकों तक तरसाओ, लटकाओ-भटकाओ की नीति पर चली है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दिल्ली और हिमाचल में भाजपा की सरकार थी तो काम तेजी से चल रहे थे। लेकिन जैसे ही, पांच उसके, पांच उसके, इस चक्कर में पड़ गए और कांग्रेस वाले वापस आए, सारे काम ठप कर दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती है। भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का संकल्प लिया, उसे सिद्ध करके दिखाया। भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया, आज अयोध्या में इतना भव्य राम मंदिर बन रहा है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सच्चाई ये है कि 2012 में जिस घोषणा पत्र पर वो चुनाव जीते, वादे किए थे, एक भी काम उन्होंने नहीं किया। जबकि भाजपा की पहचान है कि हम जो कहते हैं उसे पूरा करने के लिए दिन-रात खपा देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस 40 साल से देश के फौजियों को वन रैंक वन पेंशन का वायदा करती आ रही थी। लेकिन इतने वर्षों तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार रहने के बावजूद उसने कुछ नहीं किया।

भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में ही किया था। तब से कांग्रेस की सरकार जब तक रही, तब तक रक्षा सौदों में जमकर दलाली खायी। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि देश रक्षा साजो-सामान के मामले में आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भर होने का अभियान चला रहा है। अपने हथियार खुद बनाने पर जोर दे रहा है। कांग्रेस देश की रक्षा की ही नहीं, बल्कि देश के विकास की भी हमेशा विरोधी रही है।

कोरोना का स्वदेशी टीका विकसित करने की उपलब्धि का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि बीते दो-ढाई साल में दुनिया की इतनी बड़ी महामारी से हिमाचाल के लोगों ने मुकाबला किया है। भाजपा की सरकार में हिमाचल ने देश में सबसे पहले शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया।

मोदी ने भारत के पहले मतदाता श्याम सरन नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया, जिनका आज 106 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 2 नवंबर को 34वीं बार मताधिकार का प्रयोग किया था। मोदी ने कहा, “मुझे स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता श्याम सरन नेगी के दुखद निधन के बारे में पता चला, जिनका 106 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 2 नवंबर को, उन्होंने डाक मतपत्र के माध्यम से इस हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए मतदान किया। मरने से पहले उन्होंने अपना कर्तव्य पूरा किया, यह प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *