कश्मीर से अयोध्या धाम के लिए राष्ट्र गौरव पदयात्रा शुरू

श्रीनगर, 4 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्र गौरव पदयात्रा कश्मीर से अयोध्या धाम के लिए शुक्रवार को श्रीनगर से शुरू हो गई। इस दौरान घाटी वंदे मातरम के जयघोष से गूंज उठी। इस बीच श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक में एक बार फिर राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराया। यात्रा में शामिल साधु संतों व स्थानीय लोगों ने संपूर्ण भारत में आपसी भाईचारे, शांति व सुख-समृद्धि की कामना के साथ यात्रा का शुभारंभ किया।

आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली जा रही राष्ट्र गौरव यात्रा के बारे में यात्रा के संयोजक संत नर्मदानंद बाबा ने बताया कि यह पदयात्रा देश के वीर सेनानियों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाएगी और यह लोगों में सनातन संस्कृति, एकता और राष्ट्रीय गौरव और तिरंगे के प्रति जागरूकता पैदा करेगी। तिंरगे में सबसे ऊपर भगवा रंग ज्ञान का प्रतीक है, सफेद रंग शांति का जबकि हरा रंग सुख समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक है। राष्ट्र गौरव पद यात्रा के दौरान साधु-संत व अन्य लोग तिरंगा और भगवा ध्वज के साथ चलेंगे परंतु राष्ट्रध्वज चार इंच ऊपर होगा और भगवा नीचे रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *