विदेशी मुद्रा भंडार 6.56 अरब डॉलर बढ़कर 531.08 अरब डॉलर पर पहुंचा

नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स)। अर्थव्यवस्था के र्मोचे पर सरकार को राहत देने वाली खबर है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 अक्टूबर को समाप्त हफ्ते में 6.56 अरब डॉलर बढ़कर 531.08 अरब डॉलर पर पहुंच गया। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी।

आरबीआई के मुताबिक पिछले दो हफ्ते से जारी देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट पर विराम लगा है। आंकड़ों के मुातबिक 28 अक्टूबर को समाप्त हफ्ते में 6.56 अरब डॉलर बढ़कर 531.08 अरब डॉलर पर पहुंच गया। उसके पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 3.84 अरब डॉलर घटकर 524.52 अरब डॉलर रह गया था।

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक पिछले हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) भी 5.77 अरब डॉलर बढ़कर 470.84 अरब डॉलर पर पहुंच गई। इस दौरान देश का स्वर्ण भंडार का मूल्य 55.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 37.76 अरब डॉलर हो गया। इसी तरह विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 18.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 17.62 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

उल्लेखनीय है कि एक साल पहले अक्टूबर, 2021 में देश का विदेश मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर था। डॉलर में अभिव्यक्त किए जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में मुद्रा भंडार में रखे यूरो, पौंड और जापानी येन जैसे गैर डॉलर मुद्रा के मूल्य में आई कमी या बढ़त के प्रभावों को दर्शाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *