फूड प्रोसेसिंग एवं गुणवत्ता पर भी ध्यान देने की जरूरत: उप राष्ट्रपति

चंडीगढ़, 4 नवंबर (हि.स.)। सीआईआई एग्रो टेक इंडिया 2022 के उद्घाटन मौके पर उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि सीआईआई ने एग्रो टेक इंडिया के साथ कृषि एवं उद्योग में तालमेल लाकर एवं सभी संबंधित हिस्सेदारों को एक प्लेटफॉर्म पर लाकर शानदार कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि हमारा आखिरी उद्देश्य किसानों के लिए स्थायी आमदनी पैदा करना होना चाहिए। यह गरीबी को घटाएगा और हमारे अन्नदाताओं के लिए खुशहाली को बढ़ाएगा। हमें केवल भोजन उत्पादन पर ही नहीं बल्कि फूड प्रोसेसिंग एवं मूल्य में बढ़ावे पर भी ध्यान देने की जरूरत है। ये 21वीं सदी में भारतीय कृषि को बदलने में एक लम्बा सफर तय करेगा।

उप राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे दूरदर्शी नीति निर्माताओं, प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों और सबसे बढ़कर हमारे खाद्य दाताओं के योगदान से भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बाजरा, दाल, दूध और जूट, चावल, गेहूं, गन्ना, सब्जियां, फल का उत्पादक बन गया है। इन अद्भुत उपलब्धियों के साथ उन्होंने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान का नारा लगाया।

इस अवसर पर पंजाब और हरियाणा के राज्यपालों के साथ उप राष्ट्रपति की धर्मपत्नी व अन्य उच्च अधिकारी मौजूद थे। इस आयोजन के बाद उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ चंडीगढ़ विश्वविद्यालय व कुछ अन्य स्थानों पर जाने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *