गुजरात के मोरबी में हुए हादसे की हो निष्पक्ष जांच: कांग्रेस

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने से जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

खड़गे ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान मोरबी पुल के ढहने पर सवाल उठाते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाला सस्पेंशन ब्रिज मरम्मत के बाद फिर से खुलने के पांच दिन बाद रविवार शाम को कुछ ही क्षणों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि इस ब्रिज की हाल ही में मरम्मत कराई गई गई थी। क्या इस दौरान सुरक्षा मानको का ध्यान रखा गया? उन्होंने कहा कि एक साथ अधिक लोगों को पुल पर जाने की अनुमति कैसे दी गई?

उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि इसमें हर चीज की जांच होनी चाहिए। यदि संभव हो तो, उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक पैनल के तहत जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार को मृतकों के परिजनों के परिवारों को तुरंत मुआवजा देना चाहिए। इसके साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज की भी व्यवस्था होनी चाहिए।

खड़गे ने कहा कि घटना स्थल पर कांग्रेस के कई नेता पहुंचे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अन्य नेताओं के साथ वहां जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मुद्दा है। कांग्रेस इस पर किसी तरह की राजनीति नहीं करना चाहती है। लेकिन इस हादसे के कारणों को पता लगाने के लिए मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि गुजरात के मोरबी में रविवार रात को मच्छु नदी पर बना एक ब्रिज टूट गया। इस हादसे में 100 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है। हादसे के दौरान पुल पर लगभग 400 लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *