प्रधानमंत्री मोदी पर प्रख्यात कलाकार अकबर साहेब के बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी का उद्घाटन

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट में प्रख्यात कलाकार अकबर साहेब द्वारा बनाए गए चित्रों की एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। अकबर साहेब द्वारा बनाई गई अद्वितीय 55 कलाकृतियां पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी अविश्वसनीय यात्रा से प्रेरित हैं। राजीव मेनन द्वारा क्यूरेट की गई प्रदर्शनी 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि अकबर साहेब ने गुजरात से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्व नेता बनने तक के सफर को कैनवास पर खूबसूरती से उकेरा है। उन्होंने कहा कि इन पेंटिंग की खासबात यह है कि इनमें जीएसटी, विमुद्रीकरण और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे प्रमुख नीतिगत फैसलों को भी जगह दी गई है। उन्होंने कहा कि इन चित्रों में नरेंद्र मोदी के सामने आने वाली चुनौतियों और उनकी उपलब्धियों को भी बखूबी दर्शाया गया हैं। अपने असाधारण चित्रों के साथ, अकबर साहेब का एकमात्र उद्देश्य भारतीयों को उनके सपने को पूरा करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ‘डेयर टू ड्रीम’ पेंटिंग गुजरात के एक छोटे से शहर में चाय बेचने वाले एक युवा लड़के से लेकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री बनने की साहसी यात्रा का दस्तावेज है।

नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट में चल रही प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफलता की कहानियों के साथ-साथ वाइब्रेंट गुजरात, शाइनिंग ब्राइट (गुजरात में एशिया के सबसे बड़े सोलर पार्क पर आधारित), स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, ट्रुथ प्रीवेल्स, सद्भावना यात्रा जैसी विभिन्न परियोजनाओं के सामने आने वाली कई चुनौतियों को उजागर करती खूबसूरत पेंटिंग देखी जा सकती हैं। प्रदर्शनी में मन की बात पर आधारित चालीस से अधिक कलाकृतियां शामिल की गई हैं। संकल्प से सिद्धि, काले धन को ना कहें, नशीली दवाओं से सावधान रहें, हमारे किसानों को बचाओ, पानी एक आशीर्वाद है और मदद करने वाले हाथ जैसी रचनाएं उत्कृष्ट रचनाएं हैं जो खूबसूरत ही नहीं बल्कि एक संदेश भी देती प्रतीत होती है। ‘टू ग्रेट लीडर्स’ शीर्षक वाली एक पेंटिंग अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ साझा किए गए कुछ खास पलों को दर्शाती है। इसके साथ इसमें विमुद्रीकरण, सिंधु जल संधि और भारतीय सेना के वीर बलिदान की चुनौतियों पर कलाकार के मास्टर स्ट्रोक भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *