भोपाल : क्लोरीन गैस रिसाव मामले में कलेक्टर ने दी नगर निगम को क्लीनचिट

भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल के ईदगाह हिल्स स्थित वाटर फिल्टर प्लांट के टैंक से क्लोरीन गैस रिसाव मामले में प्रशासन ने जांच के बाद नगर निगम कर्मचारियों को क्लीनचिट दे दी है। इस दुर्घटना में किसी की लापरवाही सामने नहीं आयी है।

गुरुवार को कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि जांच के बाद नगर निगम कर्मचारियों को क्लीनचिट दे दी गई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को मामले में जिला प्रशासन के अधिकारियों से जांच कराई है। गैस रिसाव होना एक दुर्घटना है, इसमें किसी की व्यक्तिगत गलती नहीं है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार की रात भोपाल के ईदगाह इलाके में वाटर फिल्टर प्लांट का सिलेंडर लीक होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। प्लांट के सिलेंडर से क्लोरीन गैस का रिसाव शाम सात बजे से शुरू हुआ था, लेकिन 9 बजे तक इसका असर कम हो गया था। इसके बाद जब प्लांट के पानी को बहाया गया तो इसमें मिली क्लोरीन की गंध से एक बार फिर लोगों को सांस लेने में समस्या हुई। इस दौरान रात 12.30 बजे मौके पर मोर्चा संभाले शहजहांनाबाद टीआई की हालत गैस रिसाव की वजह से बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें हमीदिया अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। छह अन्य लोगों को भी भर्ती किया गया। प्राथमिक उपचार करने के बाद एक घंटे में उनकी छुट्टी कर दी गई। इस गैस का मदर इंडिया कालोनी के 400 लोगों पर असर हुआ।

लोगों का आरोप है कि क्लोरीन गैस के रिसाव के बाद 24 घंटे के बाद भी स्थिति पूरी तरीके से सामान्य नहीं हो पाई है। गैस रिसाव के बाद फिल्टर प्लांट से लगी मदर इंडिया कालोनी में रह रहे चार सौ से ज्यादा परिवारों को सांस लेने में दिक्कत और खांसी उल्टी की शिकायतें होने लगी थीं। पानी में क्लोरीन ज्यादा होने के कारण अब उसे बहाया गया। इसके बाद फिल्टर प्लांट के आसपास की करीब 50 बस्तियों में गुरुवार को पानी की आपूर्ति रोक दी गई है।

घटना के दूसरे दिन गुरुवार को भी ईदगाह वाटर फिल्टर प्लांट के आसपास क्लोरीन की तेज दुर्गंध आती रही, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। दुर्गंध के कारण लोगों को अब भी खासी और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। लोगों ने बताया कि क्लोरीन गैस की दुर्गंध के कारण देर शाम को कुछ लोगों को मास्क बांटे गए थे, लेकिन उसके बाद सुध लेने कोई नहीं आया। स्थानीय लोगों ने शिकायत की है कि अब उनको सांस लेने में तकलीफ हो रही है। कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई परिवार घर छोड़ कर चले गए थे, वे सब लौट आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *