नीति आयोग की टीम ने कांके में सिंचाई व्यवस्था का किया निरीक्षण

रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी के नेतृत्व में बुधवार को कांके प्रखंड पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने सिंचाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और ग्रामीणों की समस्या से रूबरू हुए। ग्रामीणों ने खेती में होने वाली समस्या के साथ-साथ पेयजल की समस्यों से भी अवगत कराया। मौके पर ग्रामीणों ने सिंचाई से संबंधित परेशानियों के बारे में सदस्यों को बताया। ग्रामीणों ने बताया कि यहां पर सिंचाई की समस्या बहुत ज्यादा है, यदि सिंचाई की व्यवस्था हो जाए तो यहां के किसान दो गुनी फसल उत्पादन कर सकते हैं।

ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों से क्षेत्र के किसानों के लिए डीप बोरिंग लगाने की मांग की। अगर बोरिंग की व्यवस्था हो जाए तो उपज में दो गुना फायदा किसानों को मिलेगा। वहीं, मौके पर कृषक मित्र सफीउल्लाह अंसारी ने कहा कि गांव से होकर एक छोटी नदी बहती है, जिस पर जगह-जगह चेक डैम का निर्माण कराया जाए तो यहां के किसानों के लिए बहुत बड़ी सौगात होगी। क्योंकि पिठोरिया क्षेत्र हमेशा से कृषि के लिए जानी जाती है, लेकिन यहां गर्मी के दिनों में पानी की घोर समस्या शुरू हो जाती है। किसान फिरोज अंसारी ने बताया कि पिछले दो सालों से वह ड्रिप इरिगेशन के जरिये खेती कर रहे हैं। पहले की अपेक्षा उत्पादन दो गुना हो गया है। ड्रिप इरिगेशन से पानी और उर्वरक की बचत होती है।

मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त दक्षिणी छोटानागपुर, उप विकास आयुक्त, रांची, अनुमंडल पदाधिकारी रांची, कृषि विभाग के पदाधिकारी, कांके अंचलाधिकारी, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम, डीएसपी नीरज कुमार मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *