अंधेरे पर उजाले की जीत का त्योहार है दीपावली : राहुल गांधी

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

राहुल ने सोमवार को फेसबुक पोस्ट में कहा कि सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन त्योहार अंधेरे पर उजाले की जीत का और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

राहुल ने कहा कि हम दीपावली के दीपक एक कतार में जलाते हैं, और हमारी कोशिश यही होती है कि इस कतार का एक भी दिया बुझने न पाए। हमारा भारत भी इन दीपकों की कड़ी की तरह ही है। हमें ये देखना है कि एक भी लौ बुझने न पाए। तभी देश रोशन होगा। इस दीपावली, अपने परिवार से बाहर भी, किसी और समुदाय, किसी अन्य क्षेत्र के या भाषा बोलने वाले, किसी दूसरे आर्थिक या सामाजिक वर्ग के भाई-बहन के साथ भी यह त्योहार जरूर मनाएं, खुशियां बांटें, दिए जलाएं और मुस्कान फैलाएं।

राहुल ने कहा कि इसी सोच के साथ मैं भारत जोड़ो यात्रा पर निकला हूं, हर गांव, हर शहर का अंधेरा मिल कर दूर करना है। एक दूसरे से जुड़ कर चलना है, देश की गौरवशाली संस्कृति के लिए, हमारे खूबसूरत त्योहारों की परंपराओं के लिए, भारत की अनेकता में एकता के लिए!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *