असम के मुख्यमंत्री ने सपरिवार खाटू दरबार और सालासर बालाजी की पूजा अर्चना की

सीकर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हेमंत बिस्वा शर्मा ने परिवार के साथ शनिवार को जिले के खाटूश्यामजी ग्राम में बाबा श्याम मंदिर में दर्शन किए। मुख्यमंत्री बिस्वा ने बाबा श्याम दरबार में मत्था टेक पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

हेमंत बिस्वा ने कहा कि नौ वर्ष के बाद खाटू श्याम के दर्शन करने आया हूं। मुख्यमंत्री पत्नी रिंकी और बेटे नंदिल के साथ करीब आधा घंटा मंदिर में रुककर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। श्रीश्याम मंदिर कमेटी कार्यालय में कमेटी के पदाधिकारी प्रताप सिंह चौहान ने उन्हें बाबा श्याम की प्रतिमा और बाबा का ध्वज भेंट किया।

मुख्यमंत्री का परिवार जयपुर से सुबह करीब साढे ग्यारह खाटूश्यामजी ग्राम पहुंचे। अतिरिक्त जिला कलक्टर नीमकाथाना अनिल कुमार महिला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमकाथाना रतनलाल भार्गव सहित अन्य अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री यहां से सालासर के लिए प्रस्थान कर गए।

सालासर में मुख्यमंत्री बिस्वा बालाजी की विधि विधान से पूजा-अर्चना कर सभी की सलामती और खुशहाली की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *