प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब खेलों में भी धूम मचा रहा भारतः मुख्यमंत्री शिवराज

 मध्य प्रदेश को मिली 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की मेजबानी

भोपाल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को योग, वेद, उपनिषद, गीता का ज्ञान दिया। अब खेलों में भी हमारा भारत विश्व में धूम मचा रहा है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया के माध्यम से गांव-गांव में खेलों का विकास हो रहा है। अब हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे भी खेलें।

मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित यूथ गेम्स 2022 के घोषणा समारोह को संबोधित कर रहे थे। दरअसल, मध्यप्रदेश राज्य को 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की मेजबानी सौंपी गई है। इसकी घोषणा केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में की। इस मौके पर प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री नीसिथ प्रमाणिक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने मलखंभ की अद्भुत, अविस्मरणीय प्रस्तुति दी, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों द्वारा खूब सराहा गया।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारत खेलों में अब चमत्कार कर रहा है। मध्यप्रदेश में हम भी खेलों को प्रोत्साहित करने के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। अब मध्यप्रदेश में 18 खेलों के लिए 11 अकादमी हैं और हमारी अकादमी के बच्चे चमत्कार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमने मध्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग अकादमी बनाने का प्रयास किया है। अपने खिलाड़ियों को अकादमी में खेलों की सुविधाएं मिले, लेकिन जिले में भी सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए स्टेडियम और मिनी स्टेडियम हमने बनाए। अकादमी और स्टेडियम के साथ हमने खिलाड़ियों के लिए कोचिंग की उत्कृष्ट व्यवस्था की है।

उन्होंने कहा कि हम मकर संक्रांति के अवसर पर दादा-दादी, नाना-नानी, सास-बहू के लिए भी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करते हैं। एक जमाना था, जब मध्यप्रदेश का नेशनल गेम्स की प्रतियोगिताओं में ढूंढने से भी नाम नहीं मिलता था। आज मुझे यह बताते हुए आनंद हो रहा है कि इस बार तो हमारे खिलाड़ी 66 मेडल लेकर आये हैं और मलखंभ में तो ओवरऑल चैम्पियन हम हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी और केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व निसिथ प्रमाणिक ने हमें खेलो इंडिया आयोजित करने का अवसर दिया है। मध्यप्रदेश में खेलों की दिशा में यह एक नई क्रांति पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि अद्भुत प्रदेश है मध्यप्रदेश! वन संपदा, खनिज संपदा, टूरिजम की अपार संभावनाएं हैं। सांची, भीमबैठका, खजुराहो, ओरछा का मंदिर, भगवान श्री महाकाल का महाकाल लोक है। हम टाइगर स्टेट, हम लेपर्ड स्टेट और अब तो हम चीता स्टेट भी बन गये। माननीय प्रधानमंत्री जी सौगात देकर आये, ये चीते भी दूसरे महाद्वीप से आये और सुरक्षित भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *